Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुजरात में सो रहे लोगों को बेकाबू ट्रक ने कुचला, आठ की मौत, कई लोग घायल

गुजरात के अमरेली में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे करीब दस मजदूरों को रौंद दिया। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं । सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। तड़के तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया। पुलिस अधीक्षक निर्लिप्त राय ने बताया कि मृतकों में आठ और 13 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। बधादा गांव में हुए हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। वाहन चलाते समय झपकी आने से ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था और ट्रक सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसा, जिसमें 10 लोग सो रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि ड्राइवर कहीं शराब पीकर तो ट्रक नहीं चला रहा था, जिसकी वजह से यह भीषण हादसा हुआ है।  

Exit mobile version