Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कार ने मारी टक्कर: एक की मौत, दूसरा घायल– PGI में ड्यूटी पर जा रहे थे दोनो

रोहतक के बसंतपुर गांव निवासी राकेश ने पीजीआईएमएस थाने में हादसे की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि वह रोहतक पीजीआईएमएस में बैरर के पद पर कार्यरत है।

उसके साथ पाड़ा मोहल्ला निवासी नवीन भी बैरर के पद पर नियुक्त है। उसकी ड्यूटी न्यूरो सर्जरी वार्ड में है। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी जाया करते हैं। सोमवार को भी वह अपने दोस्त नवीन के साथ मोटरसाइकिल पर ड्यूटी पर रोहतक पीजीआई आया था। राकेश मोटरसाइकिल चला रहा था और नवीन पीछे बैठा था।

उन्होंने बताया कि जब वह वार्ड नंबर 13 के सामने पहुंचे तो पीछे से एक इको कार आ रही थी। चालक ने तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राकेश डिवाइडर पर जा गिरा और नवीन सड़क पर गिर गया।

चालक ने कार नवीन के ऊपर चढ़ा दी। राकेश को मामूली चोटें आईं और नवीन को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से नवीन को उपचार के लिए पीजीआईएमएस के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने नवीन को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

Exit mobile version