रोहतक में महिला के साथ झपटमारी करने का मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई जब महिला पैदल-पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसके हाथ से बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में नकदी, आभूषण व जरूरी कागजात थे। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
रोहतक की इंद्रा कॉलोनी निवासी राधिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर 36 से प्राइवेट वाहन में बैठकर माता दरवाजा जा रही थी। माता दरवाजा उतरने के बाद वह पैदल-पैदल अपने घर इंद्रा कॉलोनी में जाने के लिए चल पड़ी। जब वह 60 फुटा रोड पर करीब 100 मीटर आगे चली तो एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए।
उसने कहा कि दोनों युवक बाइक पर पीछे से आए और कंधें पर डाला हुआ बैग छीनकर फरार हो गए। आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया और आवाज भी लगाई, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। इसके बाद पीड़िता ने मामले की सूचना अपने पति को दी।
राधिका ने कहा कि उसके बैग में साढ़े चार हजार रुपए, कानों की सोने की बालियां थी। इसके अलावा उसके व उसके पति के जरूरी दस्तावेज थे। आरोपी युवक पैसे, आभूषण व कागजात सहित बैग को ही ले गए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
