Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में गोवर्धन पूजा के बाद दो युवकों की हत्या:एक के सीने में गोली मारी, गुस्साए परिजन ने फरसे से आरोपी का गला काटा

हरियाणा में रोहतक की फतेहपुर कॉलोनी में गुरुवार देर रात गोवर्धन पूजा के बाद दो युवकों की हत्या कर दी गई। एक युवक ने दूसरे के सीने में गोली मारी। इससे गुस्साए दूसरे युवक के परिजन ने पहले युवक का फरसे से गला काट दिया। इसके बाद से सभी आरोपी फरार हैं।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। लोगों ने बताया है कि वारदात से पहले दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतकों की पहचान विक्की के बेटे सुमित (21) और भूप सिंह के बेटे मनीष (30) के रूप में हुई है। ये दोनों फतेहपुर कॉलोनी के रहने वाले थे। पुलिस इनके झगड़े का कारण पता करने और फरार आरोपियों को पकड़ने में लगी हुई है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, मनीष नगर निगम में गाड़ी चलाता था। उसका पड़ोस के रहने वाले सुमित के पिता वीके उर्फ विक्की के साथ कुछ झगड़ा चल रहा था। हालांकि, इनके बीच झगड़ा क्या था, यह जानकारी सामने नहीं आई है।

डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि उन्हें गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में शव को कब्जे में ले लिया। वहीं, मौके पर भी एक युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस जल्द आरोपियों को काबू कर मामले का खुलासा करेगी।

जबकि, ओल्ड सब्जी मंडी थाना SHO रविंद्र ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में अभी जांच कर रहे हैं। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर आज परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हत्या करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version