रोहतक जिले में शीतला माता मंदिर में पति व बच्चों संग दर्शन करने आई महिला के गले से किसी ने सोने की चेन झपट ली। वहीं हाथ में लगे थैले से लेडीज पर्स भी निकाल लिया। महिला के पति को दो महिलाओं पर शक है। पति का कहना है कि मंदिर में भीड़ अधिक थी, जिसका आरोपी महिलाओें ने फायदा उठाया है। युवक ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ भी की है।
रोहतक की देव कॉलोनी निवासी राकेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी प्रीति व दो बच्चों के साथ शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। वहां भीड़ ज्यादा होने की वजह से बच्चों को संभालना मुश्किल हो रहा था। इस बीच दो महिलाएं बार-बार पत्नी के आसपास भटक रही थीं। जानबूझ कर पत्नी को धक्के भी मार रही थीं। थोड़ी देर बाद पत्नी ने अपने गले पर गौर किया तो सोने की चेन गायब थी। वहीं पत्नी के हाथ में लगे थैले से उसका लेडीज पर्स भी चोरी हो चुका था। पर्स में कुछ नकदी व जरूरी कागजात थे।
राकेश ने बताया कि चेन स्नैचिंग व थैले से पर्स चोरी का पता चलने पर उन्होंने उन दोनों महिलाओं को तलाशने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह वहां से चंपत हो चुकी थी। राकेश का कहना है कि अगर वह महिलाएं सामने आ जाएं तो उन्हें पहचान सकते हैं। इधर पुलिस ने शक के आधार पर मंदिर पर रोजाना आने-जाने वाली दो महिलाओं से पूछताछ की है। अभी तक असली आरोपियों तक पता नहीं लग सका है।

