Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कोहरे के कारण 2 ट्रकों में टक्कर:एक की मौत, GT रोड पर लंबा जाम

कैथल में घने कोहरे के कारण 2 ट्रक आपस में टकरा गए। हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरा चालक अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र सिंह (28) के रूप में हुई है। वह पंजाब के संगरूर जिले का रहने वाला था। धर्मेंद्र यमुनानगर से अपने ट्रक में रेत लेकर आया था, जिसे वह पंजाब लेकर जा रहा था। वहीं, हादसे के बाद कुरुक्षेत्र जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 152 जीटी रोड पर 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें हजारों वाहन घंटों फंसे रहे।

प्रदेश में इस बदले मौसम का कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना बताया जा रहा है। घने स्मॉग के कारण विजिबिलिटी भी घटकर 50 मीटर रह गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 2 दिन के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा हवाओं के चलने से ठिठुरन भी बढ़ गई है।

सर्दी के मौसम में पहली बार रात का तापमान 13.6 डिग्री पर पहुंच गया है। 24 घंटे में अंबाला के दिन सबसे ठंडे और हिसार की रातें सबसे ठंडी रहीं। अंबाला में दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 से 16 नवंबर तक चंडीगढ़, अंबाला, पंचकूला और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

चंडीगढ़ में वायु प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) लागू किया गया है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी डीजी सेट को अगले आदेश तक संचालित करने की अनुमति नहीं है।

Exit mobile version