हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक अनोखी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां शिलाई क्षेत्र के थिंडो खानदान के दो सगे भाइयों ने एक ही युवती से विवाह रचाया है। यह विवाह 12 से 14 जुलाई के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग न केवल हैरान हैं, बल्कि हिमाचल की इस अनोखी परंपरा के बारे में जानने को भी उत्सुक हो गए हैं।
यह मामला शिलाई क्षेत्र के कुन्हट गांव का है, जहां तीन दिनों तक शादी समारोह चला। आखिरी दिन जब दोनों दूल्हे एक ही दुल्हन के साथ स्टेज पर नजर आए तो सभी लोग हैरत में पड़ गए। हालांकि स्थानीय लोगों के लिए यह कोई नई बात नहीं थी, क्योंकि यह परंपरा सदियों से यहां की संस्कृति का हिस्सा रही है। इसे हाटी समुदाय में ‘उजला पक्ष’ कहा जाता है।
हाटी समाज में ‘उजला पक्ष’ बहुपतिप्रथा (Polyandry) का हिस्सा है, जिसमें एक महिला एक से अधिक पुरुषों, खासकर सगे भाइयों की पत्नी बनती है। यह परंपरा समाज की आर्थिक और पारिवारिक स्थिरता के लिए मानी जाती थी। खासकर पुराने समय में जब खेती की जमीन का बंटवारा नहीं करना होता था, तब इस तरह की शादियों से परिवार एकजुट रहते थे और संपत्ति का विभाजन भी टल जाता था।
हालांकि बीते कुछ दशकों में आधुनिकता के प्रभाव और कानूनी बदलावों के चलते यह प्रथा धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही थी। लेकिन कुन्हट गांव में हुई इस शादी ने इस परंपरा को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
इस अनोखी शादी के दोनों दूल्हे शिक्षित और नौकरीपेशा हैं। बड़े भाई हिमाचल सरकार के जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई विदेश में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। दोनों भाइयों और युवती की यह शादी परिवार और समाज की सहमति से संपन्न हुई है। युवती भी शिक्षित है और सभी इस रिश्ते को लेकर पूरी तरह सहज हैं।
परिवार का कहना है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है, बल्कि यह एक परंपरा है जिसे वे निभा रहे हैं। उनका मानना है कि इस रिश्ते से उनका परिवार और अधिक मजबूत होगा।
शादी समारोह में ढोल-नगाड़ों से लेकर पारंपरिक वेशभूषा और रीति-रिवाजों का पूरा पालन किया गया। वीडियो शूटिंग भी करवाई गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पूरे गांव ने इस शादी में भाग लिया और इसे उत्सव की तरह मनाया। वीडियो में दूल्हा-दुल्हन और दोनों परिवार बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में सदियों पुरानी बहुपति प्रथा की फिर से वापसी हुई है. थिंडो खानदान के दो सगे भाइयों ने कुन्हट गांव की एक ही युवती से पारंपरिक रीति-रिवाज़ से विवाह किया. हाटी समाज में इस परंपरा को ‘उजला पक्ष’ कहा जाता है.

