हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फर्रुखनगर के खेड़ा खुर्मपुर के पास उस समय हुआ, जब इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) एक पानी के टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल के रूप में हुई है। वहीं, वाहन चला रहे कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं और उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, ERV-254 की टीम हरिनगर डूमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से फर्रुखनगर में झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तीनों पुलिसकर्मी मौके के लिए रवाना हुए। खेड़ा खुर्मपुर स्थित सवेरा कॉलेज के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से जा टकराई।

हादसे के बाद तीनों पुलिसकर्मी बुरी तरह क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंस गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन के हिस्से काटकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने छोटेलाल और अनिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद मेदांता रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर खड़े पानी के टैंकर पर न तो रिफ्लेक्टर लगा था और न ही कोई चेतावनी लाइट जल रही थी। शुरुआती जांच में यही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शहीद पुलिसकर्मियों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!