हरियाणा में लगातार हो रहे संगठित अपराधों को रोकने के लिए गठित डायल-112 में दो और हेल्पलाइन नंबर जोड़ दिए गए हैं। महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 की बजाय डायल 112 पर कॉल कर महिलाएं तुरंत मदद ले सकेंगी। वहीं, एंबुलेंस की सेवा भी डायल 112 से जोड़ दी गई है। इस दिशा में गृहमंत्री विज के निर्देशों के बाद बड़ा बदलाव कर दिया गया है। इसके अलावा अब एनसीआर इलाके के नेशनल हाईवे पर भी 112 की दो-दो गाड़ियां लगाई जा रही है, जो मुस्तैदी के साथ में यहां से गुजरने वाले वाहनों पर नजर रखने का काम करेंगे। अब नेशनल हाइवे केजीपी (कुंडली पलवल मानेसर पर )जहां दो गाड़ियां तैनात रहेंगी, वहीं अंबाला-हिसार और अंबाला-दिल्ली हाइवे पर भी दो-दो गाड़ियां तैनात की जा रही हैं। उक्त गाड़ियां 24 घंटे हालात पर नजर रखेंगी।
डायल 112 के नोडल अधिकारी एएस चावला ने गृहमंत्री को बताया कि अब 1090 और 1091 पर डायल की जरूरत नहीं होगी बल्कि 112 पर डायल करने के साथ ही एंबुलेंस सूचना त्वरित गति से लोगों की मदद करेगी। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन के लिए भी अलग से नंबर की जरूरत नहीं होगी और इस पर डायल करते ही तुरंत मदद होगी। इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम 112 की आधुनिक उपकरणों से लैस गाड़ियों में जीपीएस और बाकी उपकरण लगाए गए हैं, इन उपकरणों के लगाए जाने से अब पुलिस कर्मियों, गाड़ियों की लोकेशन, खड़ी गाड़ी में एसी तो नहीं चल रहा। गाड़ी की रफ्तार और बाकी सारी जानकारी कंट्रोल रुम के पास रहेगी। इन गाड़ियों से ओवरस्पीडिंग नहीं हो इसको लेकर भी मुख्यालय के पास में अपडेट रहेगा। इस तरह के उपकरण से इसे लैस किया गया है। गाड़ियों के लिए तय की गई सीमा के अंदर वाहन है, या नहीं यह भी साफ रहेगा, इससे ज्यादा दूरी पर ले जाए जाने की सूरत में तुरंत ही मुख्यालय पर अलर्ट आने शुरू हो जाएंगे।

