पंजाब के फेमस सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में अमृतसर रूरल पुलिस ने दो और आरोपियों मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रइया और मनदीप तूफान को गिरफ्तार कर लिया है। मनी रइया की गिरफ्तारी शुक्रवार सुबह अजनाला रोड स्थित गांव कुक्कड़ावाला और मनदीप तूफान को जंडियाला गुरु के गांव जंडियाला गुरु व तरनतारन के बीच में पड़ते गांव खख से गिरफ्तार किया गया। इनके तीसरे साथ रंजीत की भी बटाला के आसपास होने की सूचना पुलिस को मिली है।
अलसुबह हुई इस कार्रवाई को अमृतसर रूरल पुलिस ने पूरी तरह से गुप्त रखा गया। मनी रइया और मनदीप तूफान वही है, जिसने गोलियां मारकर गैंगस्टर राणा कंधोवालिया का भी कत्ल किया था। जग्गू भगवानपुरिया के खास खिलचिंया निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रइया और मनदीप तूफान को पुलिस पिछले डेढ़ साल से ढूंढ रही थी। वहीं सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी मनी रइया और तूफान का नाम सामने आया था।
रात को ही अमृतसर रूरल पुलिस को मनी रइया के कुक्कड़ावाला और मनदीप तूफान के जंडियाला गुरु के पास गांव खख में छिपे होने की जानकारी मिल गई थी। सुबह 3 से 5 बजे के बीच पुलिस ने प्लानिंग करके मनी रइया और मनदीप तूफान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी गिरफ्तारी की पुष्टि तो कर रही है, लेकिन इससे अधिक जानकारी सांझा नहीं कर रही।
अजनाला से सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार सतबीर सिंह जिन तीन लोगों को बठिंडा छोड़कर आया था, उनमें से एक गैंगस्टर मनी रइया व तूफान भी थे। मनी रइया व तूफान के साथ-साथ सतबीर ने रंजीत को भी बठिंडा ड्रॉप किया था।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के दिन मनी रइया भी घटनास्थल के आसपास ही मौजूद था। गोल्डी बराड़ ने जग्गू भगवानपुरिया के खास मनी रइया, मंदीप तूफान और रंजीत को स्टैंडबॉय पर रखा था। इन्हें जगरूप उर्फ रूपा और मनप्रीत मन्नू को कवर देने के लिए कहा गया था।
3 अगस्त 2021 को हुए राणा कंधोवालिया मर्डर केस में मनी रइया वांटेड था। कंधोवालिया पर गोलियां चलाते समय मनी रइया घायल हो गया था। मनी रइया की टांग व बाजू पर गोली लगी थी। तब से वह फरार था, लेकिन इस बीच मूसेवाला हत्याकांड में भी उसका नाम आ गया।
