Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंतिम सफर पर  एलिजाबेथ द्वितीय, महारानी के सम्मान में पूरे ब्रिटेन में रखा गया दो मिनट का मौन!!

ब्रिटेन में सर्वाधिक समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय अपने अंतिम सफर पर निकल चुकी हैं। दिवंगत महारानी  का पार्थिव शरीर राजकीय सम्मान के साथ वेस्टमिंस्टर ऐबे ले जाया गया इस दौरान बिग बेन की आवाज बंद हो गयी, वहीं प्रार्थनाएं बजने लगीं। इसके बाद उन्हें विंडसर कैसल ले जाया जाएगा, जहां उन्हें सम्मान प्रकट किया जाएगा अंत में उन्हें परिवार की मौजूदगी में दफ़्न किया जाएगा। 

महारानी की अंत्येष्टि धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। पूरे ब्रिटेन में दो मिनट का मौन रखा गया। सत्तर साल तक राजगद्दी पर आसीन रहीं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के आठ सितंबर को निधन के बाद शव रखे जाने से लेकर श्रद्धांजलि तक सभी राजकीय समारोहों में सख्त शाही प्रोटोकॉल का पालन किया गया है। महारानी का 96 साल की उम्र में स्कॉटलैंड के बाल्मोरल एस्टेट में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में किया जाएगा। 

महारानी के ताबूत की इस यात्रा में उनके बेटे और महाराजा चार्ल्स पीछे चल रहे थे। महाराजा के साथ उनके बेटे प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी तथा भाई-बहन प्रिंसेस एनी और प्रिंस एंड्रयू तथा प्रिंस एडवर्ड थे। इस अंतिम यात्रा में साथ चलने वाले राजपरिवार के सबसे कम उम्र के सदस्यों में 9 वर्षीय प्रिंस जॉर्ज तथा सात साल की प्रिंसेस शेरलोट थीं। दोनों अपने माता-पिता प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स के बीच में चल रहे थे।

सोमवार को लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन समेत दुनियाभर के करीब 500 नेता एवं शाही परिवार के लोग पहुंचे हैं।

बड़ी संख्या में लोग लंदन में सर्द रात की परवाह किए बगैर संसद के वेस्टमिंस्टर हॉल में ‘लाइंग इन स्टेट’ में रखे महारानी के ताबूत के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे। शोक व्यक्त करने वाले लोग सोमवार सुबह साढ़े छह बजे के कुछ ही देर बाद वेस्टमिंस्टर हाल से चले गए। ‘लाइंग इन स्टेट’ में रखे महारानी के ताबूत के दर्शन करने वाले आखिरी व्यक्ति ने कहा कि यह ‘‘मेरे जीवन का सबसे अहम क्षण’’ रहेगा।

अंतिम संस्कार से पहले शाही परिवार ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का सोमवार को अंतिम चित्र जारी किया, जिसमें वह हल्के नीले रंग की पोशाक पहने अपने चिर परिचित अंदाज में मुस्कुराती नजर आ रही हैं। सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है और देश भर में टीवी पर तथा उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्क्रीन के माध्यम से अंतिम संस्कार का सीधा प्रसारण किया जाएगा। लंदन के इतिहास में एक दिन के सबसे बड़े पुलिस अभियान के तहत हजारों पुलिस अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

Exit mobile version