Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कांग्रेस की लिस्ट जारी, 32 नाम- हुड्‌डा समेत सभी 28 विधायकों को दोबारा टिकट दी; विनेश फोगाट जुलाना से लड़ेंगी

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 6 सितंबर की देर रात दो लिस्टों में 32 उम्मीदवारों का ऐलान किया। पहली लिस्ट में 31 नाम थे। इसके डेढ़ घंटे बाद जारी दूसरी लिस्ट में एक कैंडिडेट का नाम घोषित किया गया। पार्टी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अपने सभी 28 सिटिंग विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। पार्टी ने पहली लिस्ट में पानीपत की इसराना सीट के मौजूदा विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि के नाम का ऐलान नहीं किया था। डेढ़ घंटे बाद उनके टिकट की घोषणा अलग से की गई।

इसरान SC से बलबीर सिंह को मिली कांग्रेस की टिकट

कांग्रेस ने पहली लिस्ट में 5 महिलाओं और 3 मुस्लिम चेहरों को टिकट दिए हैं। शुक्रवार दोपहर 3.13 बजे कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व रेसलर विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया है। जुलाना विनेश फोगाट की ससुराल है। भाजपा ने दो दिन पहले जारी अपनी पहली लिस्ट में 67 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। राज्य में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा।

कांग्रेस ने ED केस में फंसे 3 विधायकों को टिकट दी है। इनमें सोनीपत से सुरेंद्र पंवार, समालखा से धर्म सिंह छौक्कर और महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह शामिल हैं। सुरेंद्र पंवार अभी जेल में बंद हैं।

पहली लिस्ट में 3 मुस्लिम चेहरों को टिकट दी गई है। इनमें मामन खान, मुहम्मद इलियास, आफताब अहमद शामिल हैं।

2019 का विधानसभा चुनाव हार चुके सिर्फ एक नेता चौधरी उदयभान को टिकट दिया। चौधरी उदयभान इस समय हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के करीबी हैं। उदयभान को 2019 में भाजपा के जगदीश नैय्यर के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में जगदीश नैय्यर को टिकट देने का ऐलान नहीं किया और उनकी टिकट होल्ड कर ली थी।

सिरसा सांसद कुमारी सैलजा के 4 समर्थकों को टिकट दी गई है। इनमें असंध से शमशेर सिंह गोगी, कालका से प्रदीप चौधरी, नारायणगढ़ से शैली चौधरी और सढ़ौरा से रेनू बाला शामिल हैं। ये तीनों विधायक हैं।

5 महिलाओं को टिकट दी गई है। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढ़ौरा से रेनू बाला, जुलाना से विनेश फोगाट, कलानौर से शकुंतला खटक, झज्जर से गीता भुक्कल शामिल हैं।

इस लिस्ट में विनेश फोगाट, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और शाहबाद सीट से रामकरण काला 3 नए चेहरे हैं।

6 जिलों में एक भी टिकट का ऐलान नहीं

कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में प्रदेश के 22 में से 6 जिलों के लिए एक भी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया। इन जिलों में कैथल, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी और गुरुग्राम शामिल है। कैथल में 4, फतेहाबाद में 3, हिसार में 7, भिवानी में 4, चरखी-दादरी में 2 और गुरुग्राम जिले में 4 विधानसभा सीटें हैं। इन जिलों में 2019 में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

झज्जर-नूंह की सभी सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान

कांग्रेस ने पहली लिस्ट में झज्जर जिले की चारों और नूंह जिले की तीनों सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। 2019 के विधानसभा चुनाव में झज्जर जिले की चारों और नूंह जिले की तीनों सीटें कांग्रेस ने ही जीती थी। पार्टी ने यहां पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट से ताल्लुक रखने वाले मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताया है।

हुड्डा के गढ़ रोहतक की एक, सोनीपत की 2 सीटें भी होल्ड

कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले रोहतक की एक और सोनीपत की दो सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान पहली लिस्ट में नहीं कर पाई। पार्टी ने रोहतक जिले की चार में से उन्हीं 3 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया जहां वह 2019 में विजयी रही थी। रोहतक की महम सीट पर 2019 में कांग्रेसी कैंडिडेट आनंद सिंह दांगी निर्दलीय उम्मीदवार बलराज कुंडू के सामने हार गए थे। इस बार पार्टी ने पहली लिस्ट में महम से उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया। पार्टी ने पहली लिस्ट में सोनीपत जिले की भी 6 में से उन्हीं चार सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान किया जो उसने 2019 में जीती थी। सोनीपत की राई और गन्नौर सीट पर उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया गया। हुड्डा का गढ़ होते हुए भी इन दोनों सीटों पर कांग्रेसी कैंडिडेट 2019 में भाजपा के हाथों हार गए थे।

Exit mobile version