रोहतक की सीआईए टीम ने नशीले पदार्थ के साथ देर रात को दो लोगों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 772 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। दोनों आरोपियों से अफीम के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सीआईए-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो लोग नशीला पदार्थ लेकर सांपला में कुलताना रोड पर जा रहे है। सूचना के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपियों को रोकते हुए तलाशी ली। आरोपियों के पास एक बैग मिला, जिसके अंदर अफीम बरामद की गई। अफीम का वजन 3 किलो 772 ग्राम मिला, जिसकी मार्केट में कीमत 8 से 10 लाख रुपए है।
दोनों आरोपी नशीला पदार्थ अफीम छत्तीसगढ़ से लेकर आए थे। जिसे रोहतक में ही बेचना था। आरोपियों की पहचान सोनीपत के गांव धनाना निवासी 42 वर्षीय राज सिंह व 28 वर्षीय टिंकू के रूप में हुई। राज सिंह पर पहले भी भिवानी में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज है, जिसमें 7 साल की सजा काटने के बाद दो साल पहले ही जेल से बाहर आया है।
नशीला पदार्थ अफीम लेकर दोनों आरोपी पैदल ही जा रहे थे, ताकि किसी को उनके ऊपर शक ना हो। छत्तीसगढ़ से दोनों आरोपी अफीम लेकर कैसे रोहतक तक पहुंचे और किसे नशीला पदार्थ बेचना था, इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है, ताकि मामले का खुलासा हो सके।
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि दो लोगों को 3 किलो 772 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया है। जिसकी बाजार में कीमत 8 से 10 लाख रुपए के बीच है। दोनों आरोपी धनाना गांव सोनीपत के रहने वाले है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
