हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी में एक तेज रफ्तार कैंटर ने दो दोस्तों को कुचल दिया। पटौदी बाईपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान एक तेज रफ्तार अज्ञात कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उस पर सवार दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय मुस्तफा निवासी वार्ड-11 पटौदी और 16 वर्षीय अयान निवासी मुजफ्फरनगर यूपी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नूहं के घासेड़ा गांव के दिलशान ने बताया कि वह और उसका दोस्त महरबान अपनी बाइक पर थे और अपने दोस्त मुस्तफा और अयान का इंतजार कर रहे थे। रात करीब 7:30 बजे मुस्तफा और अयान अपनी होंडा एक्टिवा लेकर पटौदी बाईपास से आ रहे हैं। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार मुस्तफा स्कूटी चला रहा था और अयान पीछे बैठा था। जैसे ही वे पटौदी बाईपास पर पहुंचे, सफेद नगर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर के ड्राइवर ने लापरवाही और गफलत से चलाते हुए स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे को अंजाम देने के बाद कैंटर ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पीछे आ रहे दिलशाद और महरबान ने तुरंत निजी एम्बुलेंस का इंतजाम किया और लहूलुहान हालत में मुस्तफा और अयान को सरकारी अस्पताल पटौदी पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक्टिवा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पटौदी शहर चौकी पुलिस ने दिलशाद के बयान पर अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी ड्राइवर और वाहन की पहचान की जा सके। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे।
