हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट रोहतक ने सुराग जुटाते हुए गुगाहेड़ी रोड नियर गोशाला बैंसी थाना लाखन माजरा से 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से 205 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान गांव बैंसी निवासी बलवान व गांव निडाना के मोहमदपुर पाना निवासी रणबीर के रूप में हुई है।
मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट यविंद्र सिंह SDO (PR) की मौजूदगी में तलाशी ली गई और नशीला पदार्थ बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ थाना लाखन माजरा में NDPS अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यूनिट प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ की जाएगी। अन्य सप्लायर्स व सप्लाई के बारे में पता करके उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।
आमजन से अपील की है कि अगर आपको कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई दे तो हरियाणा एनसीबी के टोल फ्री नंबर 9050891508 पर बेफिक्र होकर सूचना दें। ताकि नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। दी हुई सूचना पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वाले का नाम किसी भी सूरत में उजागर नहीं किया जाएगा।

