पानीपत में एक बाइक ने सामने से दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पहली बाइक पर सवार चालक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, आरोपी बाइक चालक के साथ सवार दो और युवक भी चोटिल हो गए। हादसे के बाद आरोपी युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हादसा, मृतक के भाई और भतीजे की आंखों के सामने हुआ। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
तहसील कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में झगडू ने बताया कि वह देसराज मोहल्ला, कश्यप कॉलोनी, जिला बागपत (UP) का रहने वाला है। वे चार भाई व 2 बहनें हैं। उसका भाई वीरेंद्र(49) अपने परिवार सहित गांव सलेमपुर महदूद बादराबाद, जिला हरिद्वार (उतराखंड) में रहता है। 7 जून को वीरेंद्र के साले की पत्नी का देहांत हो गया था। जिसके चलते वह अपनी पत्नी सुनीता संग पानीपत की गीता कॉलोनी में अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था।
संस्कार के बाद दंपति बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे थे। झगडू ने बताया कि वह अपने बेटे सोनू संग दूसरी बाइक पर सवार था। वीरेंद्र अपनी बाइक पर उनसे आगे की ओर चल रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे बरसत रोड से सनौली बाइपास की तरफ जाने वाली सड़क पर निर्मल सिंह गुर्जर के वेस्ट के गोदाम के पास पहुंचे तो सनौली की तरफ से एक बाइक (HR06Y0986) सवार तीन युवक तेज गति व गफलत से वहां आए।
देखते-देखते ही उन्होंने वीरेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वीरेंद्र और उसकी पत्नी सुनीता जमीन पर गिर गए और बेहोश हो गए। दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक भी नीचे गिर गए और उन्हें भी चोट लग गई। एक निजी वाहन से अचेत दंपति को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया है।
