मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में कथित तौर पर जान से मारने की धमकी वाला वीडियो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के मेवात और जनपद कासगंज के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी जेल भेज दिए गए।
तीन मार्च को गौर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी अभिषेक कुमार दूबे पुत्र राजेश कुमार दूबे ने बस्ती पुलिस को टैग करते हुए एक वीडियो एक्स पर अपलोड किया और लिखा कि पुलिस संज्ञान ले। इसके बाद पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि वह सनातन धर्म सर्वोपरि नाम से व्हाट्सएप ग्रुप चलाता है।
ग्रुप में एक फोन नंबर से वीडियो भेजा गया, जिसमें सीएम योगी को बम से उड़ा देने की बात कर रहे हैं। नंबर पर फोन कर पूछा तो उसने कहा कि मैंने ही वीडियो बनाया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जिसमें ललित कुमार निवासी कालियाका, थाना रोजका मेव ,जिला मेवात (हरियाणा) व शिव कुमार निवासी नगला खरबू थाना पटियाली जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश) की पहचान हुई। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई।

