कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ट्रेन में सो रहे यात्रियों के मोबाइल और नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार पांच आरोपियों में से दो ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। पुलिस उन्हें ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड से सटे सफेदों के जंगल में सामान की बरामदगी और निशानदेही के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस से बचकर भागने लगे और एक पुलिया से नीचे कूद गए। हादसे में दोनों की टांगें टूट गईं। पुलिस ने उन्हें काबू कर एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, 38 मोबाइल बरामद
सीआईए-2 पुलिस ने मेला ग्राउंड के आसपास राहगीरों से मोबाइल और नकदी छीनने की शिकायतों के बाद कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की, कमल उर्फ बच्ची, गोल्डी उर्फ गंजा, दानिश और सन्नी के रूप में हुई है। इनमें दानिश उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी हरियाणा के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 मोबाइल फोन और राहगीरों को डराने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक चाकू बरामद किया है।
ट्रेनों में सोते यात्रियों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुरुक्षेत्र से अंबाला और करनाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में सफर करते थे। इस दौरान वे सो रहे यात्रियों की जेब से मोबाइल और नकदी निकाल लेते थे। चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन भी चोरी किए जाते थे।
इसके अलावा, आरोपियों पर इलाके में अकेले आने-जाने वाले लोगों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर छीना-झपटी करने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए इन वारदातों को अंजाम देते थे।
जंगल में छिपकर रहते थे आरोपी
सीआईए-2 प्रभारी मनदीप सिंह के अनुसार, पुलिस को ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड के आसपास वारदातों की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों से जुड़ी दूसरी वारदातों की जांच कर रही है।
पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान घायल हुए दोनों आरोपियों का अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
