Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कैथल में खंभे से टकराकर पलटा ट्रक, ड्राइवर की मौत: नींद की झपकी आने से हुआ हादसा, कंडक्टर घायल

कैथल: जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर गांव खरक पांडवा के पास एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि कंडक्टर को हल्की चोटें आई हैं। ट्रक हाईवे किनारे खड़े एक खंभे से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के तरनतारन जिले के गांव रसूलपुर निवासी करीब 25 वर्षीय सेहवन अपने साथी जसबीर के साथ दिल्ली से ट्रक में सवार होकर पंजाब के तरनतारन जा रहा था। जब वे जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर गांव खरक पांडवा टोल से कुछ आगे पहुंचे, तो अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खंभे से टकरा गया और पलट गया।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने इसकी सूचना कलायत थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक में सवार लोगों को संभाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक सेहवन को कैथल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कंडक्टर जसबीर को हल्की चोटें आई हैं।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

वहीं, मृतक के साथी जसबीर ने बताया कि सेहवन शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Exit mobile version