रोहतक से होकर गुजर रहे NH 152डी पर कलानौर थाना क्षेत्र में खेरड़ी मोड़ के नजदीक सोमवार को 2 ट्रकों की भिड़ंत हो गई। जिसमें 2 युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक राजस्थान के जयपुर का ट्रक ड्राइवर तो दूसरा रोहतक का रहने वाला है। वहीं, 2 लोग घायल हो गए। घटना का पता लगते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राजस्थान के जयपुर के टोंक निवासी लोकेश व रोहतक के गांव बसाना निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। टोंक निवासी लोकेश ट्रक ड्राइवर है। वहीं, गांव बसाना निवासी विकास ट्राला चलाता है। वह नारनौल से अंबाला की तरफ जा रहा था। घर से उसका भाई नरेंद्र रोटी देने आया था। इसलिए विकास ने सड़क किनारे ट्राला खड़ा कर दिया।
जब नरेंद्र रोटी देने लगा तो पीछे से तेज गति से दूसरा ट्रक आया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने उन्हें संभाला, लेकिन इस हादसे में ट्रक ड्राइवर 23 वर्षीय लोकेश और ट्राला ड्राइवर विकास को रोटी देने आए भाई नरेंद्र की मौत हो गई। जबकि विकास व एक अन्य युवक घायल हो गया।
कलानौर थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि एक्सीडेंट में 2 की मौत हो गई, वहीं दो युवक घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। एक्सीडेंट में शव भी ट्रक में फंस गया था। शव को पुलिस ने काफी मशक्कत व मुश्किल से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
