
रोहतक में मंगलवार देर रात एक ट्रक ने मिल से गन्ना डालकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी जिसके चलते चालक किसान ने मौके पर ही दम तोड दिया। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। किसान के साथ अन्य ट्रैक्टर पर आ रहे किसानों ने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के भाई ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कराया है।
सांपला के गांव नौनाद निवासी इंद्रजीत ने बताया है कि मंगलवार को वह और उसका भाई ब्रहमजीत ( 35 ) शुगर मिल में गन्ना डालने गए थे। गन्ना मिल में डालने के बाद वह गांव के ही साहब सिंह के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर और भाई अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर वापस लौट रहा था। सुनारिया चौक के पास हम दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को साइड में लगाकर मिल में डाले गए गन्ने व बचे गन्ने के बारे में बातचीत कर रहे थे।
इस बीच पीछे से आए एक ट्रक ने भाई के ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रॉली के पास ही खड़े भाई ब्रहमजीत से ट्रॉली तेजी से टकराई और हादसे में भाई की रीढ़ की हड्डी और निचले हिस्सों में गंभीर चोट आईं। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक थोड़ी दूर ट्रक छोड़कर भाग गया।
मामले में शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आरोपी ट्रक चालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

