Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

टिकरी बॉर्डर से घर लौट रहे किसानों की ट्रॉली में ट्रक ने मारी टक्कर: हिसार के पास NH-9 पर हुआ हादसा; 2 की मौत, 5 घायल

टिकरी बॉर्डर से आंदोलन समेटकर घर लौट रहे पंजाब के किसानों के साथ हरियाणा के हिसार में हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 9 (NH-9) पर शनिवार अलसुबह करीब 7 बजे किसानों की ट्रॉली को गांव ढंडूर के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पंजाब के मुक्तसर साहिब निवासी किसान सुखविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल हुए 8 किसानों मे से दो को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और किसान अजयप्रीत ने भी दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आंदोलन खत्म होने के बाद पंजाब के किसान नेशनल हाईवे 9 से होते हुए पंजाब जा रहे थे। जब किसानों का काफिला हिसार में ढ़डूर के पास बगला रोड मोड़ के नजदीक पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ट्रॉली मौके पर ही पलट गई। इसमें मुक्तसर साहिब के किसान सुखविंदर सिंह पुत्र जीता सिंह उम्र 38 साल की मौत हो गई।

हादसे में घायल अजय प्रीत ( 38), गोगा (62) और दारा सिंह (55) को चूड़ामणि अस्पताल हिसार में दाखिल करवाया गया है। यहां इलाज के दौरान दूसरे किसान अजयप्रीत की भी मौत हो गई। उनके साथ आये मुक्तसर जिले के आशाबुट्टर वासी मोगा सिंह ने बताया कि रात को टिकरी बॉर्डर धरने से चले थे। स्वराज ट्रेक्टर के पीछे उन्होंने 2 ट्रालियां जोड़ी हुई थी। ढंडूर गांव के पास पहुंचे तो पीछे से ट्रक ने पीछे वाली ट्राली को टक्कर मार दी।

ट्रक की टक्कर से पीछे वाले ट्राली का एक्सल टूट गया और ट्राली अगली ट्राली में घुस गई। इससे अगली ट्राली में सोए 8 किसान चोटिल हो गए। ट्रक की जोरदार टक्कर के कारण ट्रैक्टर भी असंतुलित होकर हाइवे किनारे की ग्रिल से जा टकराया। हादसे में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई।

Exit mobile version