Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चारधाम यात्रा के लिए जबरदस्त उत्साह: पहले ही दिन 1.65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया पंजीकरण

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के पहले ही दिन 1.65 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया. इनमें सबसे ज्यादा पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं. इस बार चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा, जबकि दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे.

चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन आज 20 मार्च 2025 से प्रारंभ हो गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड की डिटेल देना अनिवार्य होगा। चारधाम यात्रा 30 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हो रही है। जानकारी के अनुसार, इस बार चारधाम की यात्रा के लिए 60 प्रतिशत ही रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन किए जाएंगे, जबकि 40 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन होंगे।

चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके मद्देनजर यात्रा के शुरुआती 15 दिन तक रजिस्ट्रेशन सेंटर 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके साथ ही विभाग की ओर से हरिद्वार व ऋषिकेश के साथ यात्रा मार्गों पर भी रजिस्ट्रेशन सेंटर की संख्या को भी बढ़ाया जाएगा।

श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://registrationandtouristcare.uk.gov.in/ पर विजिट करना होगा।

यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएंगे। यहां पर उपलब्ध रजिस्टर या लॉगिन (पंजीकरण) पर क्लिक करें। अब यहां पर मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें। इसके बाद मांगी गई सभी जरूरी जानकारी जैसे नाम, राज्य व आधार कार्ड की डिटेल भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।

आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल 2025 को खुलेंगे। गंगोत्री धाम के कपाट भी इसी दिन यानी 30 अप्रैल को खुल जाएंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 02 मई 2025 को खुलेंगे। बद्रीनाथ के कपाट 04 मई 2025 को भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई 2025 को खुल जाएंगे।

यूसीएडीए की सीईओ सोनिका ने बताया कि हेली सेवा संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं

यात्रियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने पंजीकरण के लिए मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand लॉन्च किया है. इसके अलावा, 24 घंटे संचालित टोल-फ्री नंबर 0135-1364 जारी किया गया है, ताकि यात्रियों को पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या न हो.

Exit mobile version