पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण जलस्रोतों को हरा-भरा व स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से आज सोमवार को रोहतक जिले के गांव मायना स्थित पीली जोहड़ के चारों तरफ व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का सफल आयोजन भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के विशेष सहयोग से जन कल्याण पौधरोपण धर्मार्थ ट्रस्ट एवं नींव निर्माण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा सीएसआर पहल के तहत उपलब्ध कराए गए विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे जोहड़ के तटबंधों और आसपास की परिधि में रोपे गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पर्यावरण कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि इन पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और पूर्ण वृक्ष बनने तक देखभाल की सामूहिक जिम्मेदारी भी ली।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य प्रबंधक श्रीमती निशा मलिक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का साझा सामाजिक दायित्व है। बैंक अपने सामाजिक सरोकारों के तहत हरित आवरण को बढ़ाने और ग्रामीण प्राकृतिक धरोहरों के संवर्धन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। वहीं अन्य वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारंपरिक जोहड़ और तालाब हमारे भूजल स्तर को बनाए रखने के प्रमुख आधार हैं। इनके किनारों पर सघन पौधारोपण से मिट्टी के कटाव को रोकने के साथ-साथ पक्षियों और जैव विविधता के लिए प्राकृतिक आवास विकसित होता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
- श्रीमती निशा मलिक जी, मुख्य प्रबंधक, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय (RBO), भारतीय स्टेट बैंक (SBI), रोहतक
- श्री संजय मलिक, जिला संयोजक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि
- श्री शिव कुमार जी, प्रधान, जन कल्याण पौधरोपण धर्मार्थ ट्रस्ट
*श्री सुरेंद्र जी (काला मायना), जिला NGO प्रमुख - श्री राजकुमार मास्टर जी
श्री जयभगवान जी, अंकित शर्मा जी, आशीष राठी, मनोज कुमार, बिंदर पहलवान आदि।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भारतीय स्टेट बैंक का आभार व्यक्त करते हुए अभियान में श्रमदान करने वाले सभी ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहना की तथा आने वाले दिनों में जिले के अन्य जलस्रोतों के समीप भी इसी प्रकार हरियाली अभियान निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
