Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज से महंगा हो गया सफर, टोल के बढ़े रेट हुए लागू

हरियाणा में आज से हाईवे और एक्सप्रेसवे पर चलना महंगा हो जाएगा। NHAI ने 1 अप्रैल से टोल टैक्स 5 रुपये से 25 रुपये तक बढ़ गया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार सहित 12 जिलों में करीब 24 टोल हैं, जहां टोल के रेट बढ़ाए गए हैं।

टोल अधिकारियों का कहना है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की तरफ से हर साल 1 अप्रैल से रेटों में इजाफा किया जाता है। वाहन चालकों को नए रेटों की जानकारी को लेकर कोई असमंजस न हो, इसे लेकर नई रेट सूची को टोल बूथों पर लगा दिया गया है।

नेशनल हाईवे 152D पर नारनौल से अंबाला के लिए टोल सबसे महंगा है। कार के लिए यहां सिंगल साइड 375 रुपए और डबल साइड के 560 रुपए लगेंगे। इस हाईवे पर मंथली पास की भी सुविधा नहीं है।

रोहतक का हुमायूंपुर और हसनगढ़ टोल प्लाजा सबसे सस्ता है। यहां कार, जीप (LMV) के लिए वन साइड का टोल 30 रुपए और डबल साइड का 45 रुपए है। वहीं गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा पर सिर्फ एक तरफ का ही टोल देना पड़ता है।

नए रेटों की जानकारी को लेकर किसी वाहन चालक में कोई असमंजस ना रहे, इसलिए सभी सूचियों को टोल बूथों पर लगा दिया गया है। गदपुरी टोल प्लाजा, जो फरीदाबाद- पलवल के बीच पड़ता है, यहां टोल रेट में 5 से 20 रुपए और मंथली पास में 10 रुपए का इजाफा हुआ है।

वर्तमान में यहाँ एक तरफ का किराया 120 रुपए लगता है, लेकिन 1 अप्रैल से इसमें 5 रुपए की बढ़ोतरी के बाद 125 रुपए का टोल टैक्स लगेगा। वर्तमान में अभी दोनों तरफ से 180 रुपए का टोल टैक्स लगता है, लेकिन अगले महीने से इसके लिए 185 रुपए देने पड़ेंगे।

मंथली पास में भी 10 रुपए का इजाफा

इसी प्रकार कमर्शियल वाहनों को एक तरफ से 190 रुपए के बजाय 195 रुपए, दोनों तरफ से 280 के बजाय 290 रुपए देने पड़ेंगे। भारी वाहनों को एक तरफ से 385 की जगह 400 रुपए और दोनों तरफ से 580 की जगह 600 रुपए देने पड़ेंगे।

टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों के मंथली पास में भी 10 रुपए का इजाफा किया गया है। 1 अप्रैल से ऐसे लोगों को 340 रुपए के बजाय 350 रुपए देने होंगे।

लाखों वाहन चालकों पर पड़ेगा असर

गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा पर भी 5 रुपए का इजाफा किया गया है। यहां रोजाना 60000 से 70000 वाहन गुजरते हैं। यहां प्राइवेट कार, जीप और वैन के 50 रुपए, लाइट मोटर व्हीकल और मिनी बस के 125 रुपए और बस व ट्रक के 255 रुपए टोल टैक्स के रूप में लगेंगे

Exit mobile version