Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में श्रद्धालुओं से भरा ट्रेवलर ट्राले से टकराया:​​​​​​​6 महीने की बच्ची समेत 7 की मौत; UP से वैष्णो देवी जा रहे थे

अंबाला में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, करीब 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि ये लोग उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के रहने वाले हैं। सभी एक ट्रेवलर में सवार होकर जम्मू में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान अंबाला-दिल्ली के मोहड़ा में हाईवे पर इनका वाहन एक ट्रॉले से टकरा गया। ट्रेवलर में बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं।

ट्रेवलर में कुल 26 श्रद्धालु थे। हादसा इतना भयानक था कि ट्रेवलर पूरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ श्रद्धालु ट्रैवलर में ही फंस गए थे। इन्हें राहगीरों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल श्रद्धालुओं को अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में और शाहाबाद के आदेश मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया।

Exit mobile version