Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिरसा में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर में लकड़ियां लेकर हिसार जा रहे 2 दोस्तों की मौत; मोरीवाला में कैंटर ने पीछे से मारी टक्कर

सिरसा में मोरीवाला के निकट तेज रफ्तार कैंटर ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलटे खाता हुआ फुटपाथ पर पलट गया। काफी दूर तक कैंटर ट्रैक्टर को घसीटता हुआ ले गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार चालक व उसके दोस्त की मौत हो गई।

सोमवार दोपहर को पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए। मीडिया से बातचीत में मृतक के पिता महेन्द्र सिंह से मिली जानकारी के अनुसार उसका लड़का कृष्ण सिंह ट्रैक्टर चलाता था। उसका दोस्त मनीष कुमार उसके साथ लकड़ियां सप्लाई करने का काम करता है।

दोनों अबोहर से लकड़ियां लेकर सिरसा होते हुए हिसार जा रहे थे। गांव मोरीवाला के निकट अज्ञात कैंटर चालक ने तेज गति व लापरवाही में चलाते हुए ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

यहां सोमवार अल सुबह चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पोस्टमार्टम करवा उन्हें सौंप दिए। उन्होंने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Exit mobile version