रोहतक में जींद रोड पर टिटौली पुलिस चौकी के नजदीक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक चिड़ी गांव के और एक लाखनमाजरा का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया।
जिन तीन युवकाें की माैत हाे गई वह आपस में दोस्त थे। हादसे के बाद तीनों परिवार शोक में डूब गए। चिड़ी गांव के संदीप और सोनू दोनों ही बचपन के दोस्त रहे। बचपन से दोनों एक दूसरे के घर जाकर साथ खाना खाते। साथ खेलते, साथ पढ़ते इतना ही नहीं स्कूल का होम वर्क भी साथ ही करते। लोगों का कहना है कि इन दोनों को देखने से लगता ही नहीं थी कि ये दाेस्त हैं। बहुत से लोग उन्हें भाई ही समझते थे। दोनों के परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी।
संदीप के पिता जीतराम और सोनू के पिता रणवीर भैंस पालने के अलावा मजदूरी करते थे। इसलिए घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए 2013 में दोनों दोस्तों ने 10 वीं कक्षा पास करने के बाद बाइक रिपेयर करने का काम सीखा था। इसके बाद जींद बाईपास पर एक साथ वर्कशाप खोल ली थी। फिर लाखनमाजरा निवासी अजय पुत्र कर्मबीर भी उनके संपर्क में आया। यहां तीनों में गहरी दोस्ती हो गई। तीनों अक्सर साथ रहते और एक दूसरे के घर भी जाते थे।
संदीप की शादी 10 माह पहले 14 नवंबर 2021 में यूपी के कैराना में हुई थी। वह तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। घर खर्च के अलावा बीमार पिता की देखभाल की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। संदीप के जाने मानों पिता का सहारा ही छिन गया। वहीं सोनू का एक बड़ा भाई व एक छोटी बहन है। 3 परिवारों में शोक दुर्घटना में मौत के बाद दो समाज के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। क्योंकि संदीप और सोनू प्रजापति समाज से संबंध रखते थे और अजय लुहार समाज से संबंध रखता था। दोनों समाज के लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर भी घटना पर दुख प्रकट किया।
सुंदरपुर के पास जींद रोड से गुजरते समय तीनों की बाइक के सामने से ट्रक आया और बाइक में साइड मार दी। जबकि बाइक सवार सड़क के एकदम किनारे पर चल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की साइड लगते ही तीनों बाइक से उछलकर काफी दूर सड़क पर जाकर गिरे। सड़क पर गिरते ही उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों से मानों खून की धारा बह निकली। उनका पूरा शरीर खून से लथपथ हो गया। यह देखकर हर कोई सहम गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर टिटौली चौकी प्रभारी नवनीत कादियान भी मौके पर पहुंचे। तीनों को उपचार के लिए पीजीआइएमएस में लाया गया, लेकिन इससे ही तीनों ने दम तोड़ दिया। पीजीआइएमएस में पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर उनके परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया है, साथ ही आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।
इस मामले में मृतक संदीप के पिता जीतराम की शिकायत पर आरोपित चालक के खिलाफ केेस दर्ज किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया, जिसके बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका।
ट्रक को कब्जे में लिया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
– नवनीत कादियान, चौकी प्रभारी टिटौली
