Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा- स्कूल बस ने मासूम को कुचला; अभय सिंह चौक पर हुआ हादसा

हरियाणा के रेवाड़ी शहर में बुधवार सुबह हुए हादसे में 4 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को स्कूल बस ने कुचल दिया। बच्चे का सिर बस के अगले टायर के नीचे आ गया। साथ ही उसके साथ साइकिल पर सवार पिता और बेलदार दोनों टक्कर लगने के बाद दूसरी तरफ जा गिरे। हादसे के बाद बस चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने पकड़ लिया। हादसे के वक्त बस स्कूली बच्चों से भरी हुई थी। सिटी पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आरोपी चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला झांसी के छक्की लाल सिमरध एरिया में रहने वाला अखिलेश रेवाड़ी में मजदूरी करता है। साथ ही दिल्ली रोड स्थित उत्तम नगर में किराए के मकान पर रहता है। बुधवार की सुबह वह अपनी साइकिल पर 4 साल के बेटे भूपेन्द्र व एक बेलदार के साथ घर से सनसिटी के पास मजदूरी करने के लिए निकला। इस बीच अभय सिंह चौक पर पहुंचते ही सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अखिलेश और उसका साथी बेलदार को सड़क के साइड में जा गिरे, लेकिन उसका 4 साल का बेटा भूपेन्द्र बस के टायर के नीचे आ गया।

वहीं हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ने बस को मौके पर ही छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने उसे तुरंत दबोच लिया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले भूपेन्द्र के पिता अखिलेश और उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल है।

बता दें दिल्ली रोड स्थित राव अभय सिंह चौक शहर का सबसे डेंजर चौक है। यहां आए दिन हादसों में लोग जान गवां रहे हैं। हादसों को रोकने के लिए 10 दिन पहले ही डीसी यशेन्द्र सिंह के आदेश पर इस चौक पर डिवाइडर भी रखवाए गए थे। लेकिन पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण आज भी हादसे हो रहे है।

Exit mobile version