Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में दर्दनाक हादसा: ट्रॉली में लदे लोहे के पाइप स्कूटी सवार युवक की छाती में जा लगे, युवक की मौत

हरियाणा के पानीपत शहर में एक बड़ा हादसा हो गया है। गोहाना रोड पर फ्लाईओवर से गुजर रहे शटरिंग के सामान से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक लोहे की पाइप स्कूटी सवार डिजाइनर की छाती में जा लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के दोस्त की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में दिव्यांशु ने बताया कि वह कृष्णपुरा का रहने वाला है। 5 दिसंबर को वह अपने साथी शुभम शर्मा (23) निवासी कृष्णपुरा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर मुखीजा कॉलोनी स्थित अपने दोस्त के घर जा रहा था। जब वे गोहाना रोड से फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। ट्रॉली में शटरिंग का सामान लदा था। जिस पर कोई लाल रंग की झंडी व अन्य कोई लाइट नहीं था। अचानक से ट्रैक्टर की स्पीड कम हो गई।

ट्रॉली में से लोहे के पाइप वाली सीढ़ी बाहर निकली हुई थी। एक्टिवा शुभम शर्मा चला रहा था। ट्रैक्टर की स्पीड कम होने से एक्टिवा के भी ब्रेक लगाने पड़े। मगर जब तक एक्टिवा पूरी तरह संतुलित हो पाती, तब तक ट्रॉली से बाहर निकली लोहे की पाइप शुभम की छाती पर जा लगे, जिससे एक्टिवा असंतुलित हो गई और दोनों नीचे गिर गए। नीचे गिरने के बाद शुभम अचेत हो गया। राहगीरों की सहायता से उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुभम के पिता का पांच साल पहले हार्ट अटैक से देहांत हो चुका है। शुभम से छोटा 21 वर्षीय उसका भाई शिवम है। शिवम अभी पढ़ाई करता है। माता गृहिणी हैं। घर का खर्च शुभम ही चला रहा था। हाल में वह बेरोजगार था। वह अनेकों जगहों पर इंटरव्यू दे रहा था। शुभम मैकेनिकल डिजाइनर था।

Exit mobile version