पानीपत में दर्दनाक हादसा- दो बसों की जोरदार टक्कर; 12 घायल

पानीपत जिले के समालखा में नेशनल हाईवे 44 पर मंगलवार अलसुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दरअसल हाईवे पर सुबह करीब 5:30 बजे दो बसों की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके चलते हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों ने दोनों बसों में बैठी सवारियों के लिए राहत कार्य किया और हादसे की सूचना कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल सवारियों को बाहर निकालने के बाद खून से लथपथ लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। कुछ को सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। कुछ को पानीपत सिविल अस्पताल ले जाया गया। कुछ सवारियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे में करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करवाया।
गाजियाबाद निवासी लक्ष्य से मिली जानकारी के अनुसार वह अपने भाई विकास, मां-चाची और बहन के साथ हिमाचल प्रदेश से दिल्ली के लिए चला था। सभी हिमाचल रोडवेज की बस में सवार थे। सुबह जब पानीपत समालखा नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो वहां चालक ने बस रोक दी। दरअसल, यहां सवारियों को उतारना था।
अभी बस से सवारियां उतर ही रही थीं कि पीछे से आ रही इंटरसिटी टूरिस्ट बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर ऐसी थी कि हिमाचल रोडवेज बस का पिछले और इंटरसिटी टूरिस्ट बस के आगे वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दोनों बस काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर लगते ही बस हाईवे पर दूसरी ओर से गुजर रहे एक 14 टायरा ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में बस में पीछे बैठा भाई विकास गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पानीपत सिविल अस्पताल यह मरीज लाए गए
– 30 वर्षीय अज्ञात युवक, हालत गंभीर, रोहतक पीजीआई रेफर
– चेष्टा(31) पत्नी उत्तम कुमार निवासी दिल्ली लक्ष्मी नगर
– सीजे गोमसी (54) पत्नी जोसफ गोमसी निवासी दिल्ली
– झुमा (43) पुत्री तोमस निवासी दिल्ली
– विकास(22) पुत्र संजीव निवासी गाजियाबाद
– कमल (29) पुत्री संतराम निवासी बड़ौत बागपत, रोहतक पीजीआई रेफर
– राजा(18) पुत्र जय कुमार निवासी दिल्ली
