हरियाणा के पानीपत जिले में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। समालखा में फ्लाईओवर के ऊपर अपनी गाड़ी को चेक करने उतरे दो लोगों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने कुचल दिया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार में बैठी महिला बच गई। मरने वालों में उसका पति और एक परिचित था। उसने ही हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शव सिविल अस्पताल पहुंचाए।
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में चंचल उर्फ प्रेरणा ने बताया कि वह इंप्लाई कॉलोनी, वार्ड 17 सफीदों की रहने वाली है। बीते दिन वह अपने पति विशाल पाहवा (46) और परिचित राजेश (45) के साथ दिल्ली में रहने वाली अपनी बहन के घर कार्यक्रम में गई थी। रविवार देर रात करीब 1 बजे वे दिल्ली से घर के लिए निकले। गाड़ी सफीदों के डिडवाडी का राजेश चला रहा था। वह अपने पति विशाल के साथ पिछली सीट पर बैठी थी।
अलसुबह करीब साढ़े 3 बजे जब वे 70 माइलस्टोन के सामने फ्लाईओवर पर पहुंचे तो अचानक गाड़ी में कुछ टकराने की आवाज सुनाई दी। इस पर राजेश ने गाड़ी को साइड में रोक दिया। राजेश और विशाल नीचे उतरकर अभी गाड़ी को देख ही रहे थे कि अचानक पीछे से तेज गति से आए ट्रॉलेने उनकी गाड़ी को पीछे टक्कर मार दी। इसमें विशाल और राजेश बुरी तरह कुचले गए। उन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ट्रॉले को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
विशाल का खुद का बिजनेस है। उसका प्रिटिंग प्रेस का काम है। गाड़ी राजेश की थी। विशाल और राजेश के पारिवारिक संबंध हैं। दोनों ही बहुत पुराने परिचित हैं। हादसे के बाद से दोनों परिवारों में मातम का माहौल छा गया है।

