Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा: वर्धा में कार नदी में गिरने से 7 MBBS छात्रों की मौत- मरने वालों में BJP विधायक का बेटा भी शामिल

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सोमवार देर रात भीषण कार हादसे में सात MBBS छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों में भाजपा विधायक विजय रहांगदाले के बेटे आविष्कार रहांगदाले भी शामिल हैं। दुर्घटना सेलसुरा के पास एक पुल पर हुई है। सभी MBBS छात्र परीक्षा खत्म होने के बाद कार से खाना खाने के लिए होटल में गए थे और वापसी में कार हादसे का शिकार हो गई और नदी में गिर गई। सातों एमबीबीएस छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस बीच पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के सेलसुरा के पास दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी है।

एसपी वर्धा प्रशांत होल्कर ने बताया कि दुर्घटना के बारे में स्थानीय नागरिकों ने देर रात बताया। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। सभी मृतकों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ये सभी वर्धा जिले के सांगवी मेघे मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं। आविष्कार रहांगदाले (विधायक विजय रहांगदाले के बेटे), नितेश सिंह, विवेक नंदन, प्रत्यूष सिंह, शुभम जायसवाल, पवन शक्ति, एक अन्य की पहचान नहीं हुई है। सात छात्रों में से एक इंटर्न था। फाइनल ईयर के दो छात्र थे और सेकंड ईयर MBBS के 2 छात्र थे। SUV को नीरज सिंह नाम का छात्र चला रहा था।

हादसे में मरने वाले सभी छात्र हॉस्टल में रह रहे थे। हॉस्टल में रात दस बजे अटेंडेंस ली जाती है। इनके हॉस्टल में नहीं मिलने पर वॉर्डन ने परिजनों को इसकी जानकारी फोन से दी। एक परिजन ने वॉर्डन को बताया कि वे बर्थडे पार्टी में गए हैं। देर रात तक छात्रों के हॉस्टल में नहीं आने से उनके सीनियर्स भी परेशान थे। आखिरकार मंगलवार तड़के छात्रों को उनके आकस्मिक मौत की खबर मिली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया में लिखा,”महाराष्ट्र के सेलसुरा के पास हुए हादसे में लोगों की मौत से मैं आहत हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हों।” केंद्र की ओर से सभी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रु. देने का ऐलान किया गया है।

Exit mobile version