अंबाला शहर में दिल्ली-अमृतसर स्थित नई सब्जी मंडी के पास कार और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि कार चालक बलदेव नगर निवासी 16 वर्षीय मधुर ग्रोवर की मौके पर मौत हो गई, साथ बैठा 16 वर्षीय गर्व निवासी मानव चौक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों अंबाला शहर पीकेआर वाटिका में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। सुबह 7 बजे के करीब दोनों कार लेकर घूमने के लिए निकले थे।बताया जा रहा है कि ट्रक व स्विफ्ट कार दोनों आगे पीछे चल रही थीं कि अचानक कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। क्रेन की मदद से ट्रक में फंसी कार को बाहर निकाला गया। खून से लथपथ हालत में दोनों को अंबाला शहर ट्रामा सेंटर में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टर ने मधुर को मृत घोषित कर दिया, तथा गंभीर रूप से घायल गर्व का प्राथमिक उपचार करके उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मधुर का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

