हरियाणा के सोनीपत शहर में खरखौदा रोड पर रोहट नहर सीएनजी के पास एक तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पुलिस के सिपाही की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
सोनीपत के गांव जैनपुर टिकोला निवासी आर्य (21) पंचकूला पुलिस मुख्यालय में बतौर सिपाही तैनात था। मंगलवार सुबह वह बाइक लेकर किसी काम से रोहतक गया था। वापस लौटते समय उसके साथ बाइक पर उसकी बहन निशा भी थी। दोनों खरखौदा रोड पर नहर अखाड़े के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक को एक तज गति से आ रहे ऑटो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भाई बहन नीचे गिर गए। दोनों भाई-बहन को काफी चोटें लगीं।
राहगीरों ने घायल आर्य और निशा को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच डॉक्टरों ने आर्य को मृत घोषित कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हुई। निशा को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर सौंप दिया।
राजकुमार और दीपक ने बताया कि आर्य की अभी शादी नहीं हुई थी। उसने दो साल पहले ही पुलिस नौकरी जॉइन की थी। उसके पिता मायाराम आर्मी में थे और 17 साल पहले गुजर चुके हैं। परिवार में कमाने वाला अकेला ही सदस्य था। पुलिस के जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि हादसा ऑटो चालक लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। पुलिस आरोपी की पहचान करने में लगी है।

