Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में ट्रांसपोर्टर पर दुकान में घुसकर हमला:2 गंभीर घायल, सिर में 30 टांके-हाथ पैर का ऑपरेशन

रोहतक के माल गोदाम रोड पर ट्रांसपोर्टर की दुकान में घुसकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान का सामान तोड़ा-फोड़ा और ट्रांसपोर्टरों को जान से मारने की कोशिश की। हमले में घायल दोनों लोगों को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घायल सुरेश के बेटे अमन ने बताया कि उनकी माल गोदाम रोड पर न्यू इंडिया ट्रांसपोर्ट नाम से दुकान है। वे आंगन में बैठे थे, तभी 6-7 लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर आए और जान से मारने की नीयत से नरेंद्र पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सुरेश को भी बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों ने धमकी दी कि उन्हें जान से मार देंगे।

अमन ने बताया कि आरोपियों ने रंजिशन सुरेश व नरेंद्र पर जानलेवा हमला किया है और वारदात को अंजाम देकर रेलवे स्टेशन की तरफ फरार हो गए। मारपीट का पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनका इलाज चल रहा है।

अमन ने बताया कि उसके पिता सुरेश के सिर में गहरी चोट लगी हुई है, जिसके कारण सिर में 30 से अधिक टांके आए है। वहीं, नरेंद्र के हाथ व पैर में गंभीर चोट है, जिनका ऑपरेशन किया जाना है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपियों द्वारा पहले भी दो बार हमला किया गया है, जिनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घायल सुरेश ने मारपीट करने का आरोप न्यू भारतीय ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक सुरेंद्र मलिक, उसके साथ काम करने वाले विकास पर लगाया, जिन्होंने पपल गांव आसोदा में योजना बनाकर सुरेंद्र, अमित, सागर, विराट कमल व दो अन्य लोगों से वारदात को अंजाम दिलवाया है। इससे पहले आरोपियों ने नरेंद्र के साथ 2023 में भी मारपीट करवाई थी और विकास व सुरेंद्र ने पहले भी कई बार धमकी दी है।

सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने बताया कि दो लोगों के साथ मारपीट होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है।

Exit mobile version