Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 14 वर्षीय लड़के के पेट में घुसा साइकिल का हैंडल:5 से 7 बोतल खून बहा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हरियाणा के करनाल में 14 वर्षीय लड़के के पेट में साइकिल का हैंडल घुस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तभी ये हादसा हुआ। मृतक लड़का माता-पिता का इकलौता बेटा था। लड़का कुंजपुरा के पास बाजिदपुर में मामा के घर रहता था। स्कूल में छुट्टियां होने के चलते मां से मिलने आया था।

मृतक के मामा विक्रम शर्मा ने बताया कि बहन करनाल के कलंदरी गेट के पास रहती है, लेकिन भांजा भविष्य शर्मा करीब डेढ़ साल से मेरे पास रह रहा था और वहीं पढ़ाई कर रहा था। भविष्य को आज (18 जून) को 11 बजे मेरे पास आना था।

उन्होंने बताया कि भांजा साइकिल चलाने का शौकीन था। बीते सोमवार (17 जून) को करीब 10 बजे वह साइकिल पर घूमने के लिए घर से निकला, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वह साइकिल से गिर गया। मेरी बहन भी घर के बाहर खड़ी थी। वह दौड़कर अपने बेटे के पास गई और देखा कि साइकिल का हैंडल उसके पेट में घुस गया था, तो वह बेहोश हो गई।

जब बच्चे के पेट से हैंडल निकाला गया तो खून बहने लगा। करीब 5 से 7 बोतल खून बह चुका था। परिजनों ने तुरंत बच्चे को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जब हम उसे रावल अस्पताल लेकर गए तो उन्होंने फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया। तब तक बच्चे की सांसें चल रही थीं। शाहाबाद के बाद सांस लेने में दिक्कत होने लगी। आदेश अस्पताल था, बच्चे को वहीं भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।

चाचा ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क टूटी हुई है और सीवरेज के ढक्कन भी उखड़े हुए हैं। सड़क का एक हिस्सा खस्ता हालत में है। हादसा कलंदरी गेट से अर्जुन गेट की तरफ जाते समय हुआ। परिवार गहरे दुख में है। भविष्य परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Exit mobile version