हरियाणा सरकार ने 7 आईएएस और एक आईआरएस अफसरों की ट्रांसफर की लिस्ट जारी की है। कैबिनेट मंत्री अनिल विज की नाराजगी के बाद अंबाला के डीसी पार्थ गुप्ता को हटाकर यमुनानगर डीसी बनाया गया है।
वहीं IAS अजय सिंह तोमर को अंबाला डीसी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 2008 बैच के आईएएस अफसर रिपुदमन सिंह ढिल्लन को नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। 2012 बैच के आईएएस अफसर मनोज कुमार (1) को स्किल डेवलपमेंट का डायरेक्टर लगाया गया है। इससे पहले वह यमुनानगर के डिप्टी कमिश्नर की जिम्मेदारी देख रहे थे। 2015 बैच के आईएएस प्रशांत पंवार को मुख्यमंत्री अंत्योदय योजना का मिशन डायरेक्टर लगाया गया है।
सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक तथा विशेष सचिव प्रशांत पंवार को मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के मिशन निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
कॉन्फेड के प्रबंध निदेशक राहुल नरवाल को अजय सिंह तोमर के स्थान पर सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग का निदेशक और विशेष सचिव तथा कॉन्फेड का प्रबंध निदेशक लगाया गया है।
हरियाणा कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक तथा सचिव विवेक अग्रवाल को रिपुदमन सिंह ढिल्लों के स्थान पर मौलिक शिक्षा विभाग का महानिदेशक तथा स्कूल शिक्षा विभाग का सचिव लगाया गया है।
महेंद्रगढ़ के अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी आनंद कुमार शर्मा को महेंद्रगढ़ के डिस्ट्रिक्ट म्युनिसिपल कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।


