रोहतक के कलानौर क्षेत्र में खैरड़ी टोल प्लाजा के पास सड़क के बीच खड़े एक ट्रक के साथ ट्राले की टक्कर हो गई। हादसे में ट्राला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सड़क के बीच खड़े ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
हादसे में घायल संजय पटेल के भाई उमेश पटेल ने बताया कि वह गांव मजीजनपुर थाना संग्रामगढ़ जिला प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश के रहने वाले है। उसका भाई संजय पटेल ट्राला लेकर 152डी पर अंबाला से नारनौल की तरफ जा रहा था। जब वह खैरड़ी टोल प्लाजा के पास पहुंचा तो बिना सिग्नल के सड़क के बीच खड़े ट्रक से उसका ट्राला टकरा गया, जिसमें ट्राला ड्राइवर घायल हो गया।
उमेश पटेल ने बताया कि खैरड़ी टोल प्लाजा के पास ट्रक बिना सिग्नल के सड़क के बीच खड़ा था। जब पीछे से ट्राला उससे टकराया तो ट्रक का ड्राइवर मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। वहीं ट्राला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि ट्राला हाइवे के साथ खाई में नहीं गिरा, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।

सड़क हादसे में घायल हुए ट्राला ड्राइवर संजय पटेल को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए घायल के बयान दर्ज किए।
कलानौर थाना के जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।
