Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिवाली पर रोहतक जंक्शन पर बढ़ेगा ट्रेनों का ठहराव: 2 की बजाय 4 से 5 मिनट रुकेंगी ट्रेनें, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला

रोहतक। दिवाली के त्योहार को लेकर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। दूसरे शहरों में नौकरी और काम करने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। रोहतक रेलवे जंक्शन पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के ठहराव समय में बदलाव किया है।

अब रोहतक जंक्शन पर पहले दो मिनट रुकने वाली कई ट्रेनों का ठहराव बढ़ाकर 4 से 5 मिनट किया गया है। रेलवे ने यह फैसला यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली परेशानी से बचाने के लिए लिया है।

हिसार, जींद और भिवानी की तरफ से आने वाली ट्रेनों पर विशेष ध्यान

रेलवे की ओर से यह व्यवस्था खासतौर पर हिसार, जींद और भिवानी की तरफ से आने वाली उन ट्रेनों के लिए की गई है, जो रोहतक से होकर दिल्ली, आगरा और अन्य प्रमुख रूटों की ओर जाती हैं। इसके अलावा दिल्ली की तरफ से आने वाली एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर निर्माण कार्य से कोच डिस्प्ले बंद

रोहतक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर निर्माण कार्य चलने के कारण कोच डिस्प्ले सिस्टम बंद पड़ा है। सामान्य दिनों में इस डिस्प्ले के माध्यम से यात्रियों को पता चल जाता है कि ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच किस क्रम में और किस स्थान पर आएंगे।

लेकिन डिस्प्ले बंद होने के कारण यात्रियों को ट्रेन आने तक कोच की सही स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसे में ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने के लिए भागदौड़ करनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्टेशन अधीक्षक बोले- यात्रियों की सुविधा के लिए बढ़ाया ठहराव

स्टेशन अधीक्षक बलराम मिश्रा के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर निर्माण कार्य के चलते कोच डिस्प्ले बंद है। यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए ठहराव समय में बदलाव किया गया है। जो ट्रेनें पहले दो मिनट रुकती थीं, अब उनका ठहराव 4 से 5 मिनट किया गया है। यह व्यवस्था संबंधित ट्रेनों के लिए लागू की गई है।

रेलवे के इस फैसले से दिवाली के दौरान रोहतक जंक्शन से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version