Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फतेहाबाद में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, पति की मौके पर मौत; पत्नी गंभीर रूप से झुलसी, हायर सेंटर रेफर

फतेहाबाद। फतेहाबाद में सोमवार रात एक घर में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में गुरदेव गोयल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उषा गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते थे। उनके दोनों बेटे नौकरी के सिलसिले में हिसार और लुधियाना में रहते हैं। घटना वाली रात घर में काम करने वाली महिला खाना बनाकर चली गई थी। इसके बाद दंपती ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए।

रात करीब 8 बजे हुआ जोरदार धमाका

बताया जा रहा है कि कमरे में दो सिंगल बेड के बीच फ्रिज रखा हुआ था। रात करीब 8 बजे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते फ्रिज का कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया और आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

धमाके के बाद पूरे घर में धुआं भर गया। आग और धुएं की चपेट में आने से गुरदेव गोयल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उषा बुरी तरह झुलस गईं।

पड़ोसियों ने आग बुझाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल उषा को अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दोनों बेटे हिसार और लुधियाना में करते हैं नौकरी

मृतक गुरदेव गोयल अनाज मंडी में काम करते थे, हालांकि पिछले करीब 8 साल से उन्होंने काम छोड़ दिया था। उनके बड़े बेटे रूपेंद्र हिसार में जियो कंपनी में एरिया मैनेजर हैं, जबकि छोटा बेटा राकेश लुधियाना में बैंकिंग सेक्टर में कार्यरत है।

पुलिस और प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने और कंप्रेसर फटने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version