Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे रोहतक के परिवार के साथ दर्दनाक हादसा; मां, बेटा-बेटी समेत 4 की मौत; चेकिंग के लिए रोके कैंटर में घुसी कार

मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौट रहे रोहतक के एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत हो गई। ये सभी शुक्रवार रात को मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौट रहे थे। देर रात इनकी कार जयपुर-आगरा हाईवे पर खड़े कैंटर में घुस गई। इनके शव करीब आधा घंटा तक सड़क में फंसे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी से निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में खेड़ी साध गांव की प्रमिला देवी (40), उनका बेटा दीपांशु (20), बेटी साक्षी (16) और गांव की ही राजबाला (60) शामिल हैं। हादसा शुक्रवार रात करीब 12:15 बजे दौसा के कलेक्ट्रेट चौराहे के पास RTO ऑफिस के सामने हुआ। आरोप है कि RTO की चेकिंग के दौरान कैंटर को सड़क किनारे रोका गया था। तभी पीछे से तेज रफ्तार कार उसमें आकर भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद कार कैंटर में बुरी तरह फंस गई। करीब आधे घंटे के बाद शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। सभी को दौसा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के चलते हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटाया और यातायात सुचारू कराया। डिप्टी एसपी रविप्रकाश शर्मा भी रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे।

Exit mobile version