Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दर्दनाक हादसा: इनोवा की टक्कर से 6 साल की वैष्णवी की मौत, मां और चाची गंभीर; टक्कर से छज्जे पर जा गिरी महिला

रोहतक में सर्कुलर रोड पुल पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने सड़क पर जा रही एक मां और दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां शांति और पड़ोस में रहने वाली महिला रमेशली गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वैष्णवी अपनी मां शांति और चाची कही जाने वाली पड़ोसी महिला रमेशली के साथ जा रही थी। इसी दौरान सर्कुलर रोड पुल पर तेज रफ्तार इनोवा ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर जा गिरीं। हादसे में बच्ची ने दम तोड़ दिया।

टक्कर इतनी जोरदार कि मकान के छज्जे पर जा गिरी महिला

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगने के बाद एक महिला पुल के नीचे स्थित मकान के छज्जे पर जा गिरी, जबकि दूसरी महिला पुल पर ही गंभीर हालत में गिर पड़ी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक बच्ची की पहचान करीब 6 वर्षीय वैष्णवी, पुत्री बजेश, निवासी शीतल नगर के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ किराए के कमरे में रहती थी।

हादसे के बाद इनोवा चालक फरार

आरोप है कि तीनों को टक्कर मारने के बाद इनोवा चालक मौके पर रुके बिना गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं, हादसे में घायल शांति और रमेशली का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार इनोवा चालक की तलाश की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।

Exit mobile version