Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा- किसान आंदोलन खत्म होने के बाद घर लौट रहे CISF के दो जवानों की मौत, NH-48 पर खड़े ट्रॉले से टकराई कार

हरियाणा के रेवाड़ी में किसान आंदोलन खत्म होने के बाद ड्यूटी से घर लौट रहे CISF के दो जवानों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों राजस्थान के रहने वाले थे और एक ही जगह ड्यूटी पर थे। उनकी कार दिल्ली-जयपुर हाइवे स्थित गांव रुद्ध के पास सड़क पर खड़े ट्रॉले से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बावल थाना पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जिला अलवर के मुंडावर के गांव पिपली निवासी CISF जवान रिकेंश (32) और मुंडावर के हमीदपुर निवासी अजय (34) की किसान आंदोलन के दौरान बावल में ड्यूटी लगी थी। 11 दिसंबर को किसानों का आंदोलन खत्म हो चुका है। यहां सुरक्षा के लिए तैनात जवानों को गुरुवार को भेजा गया। दोनों कार में सवार होकर अपने घर जा रहे थे।

इसी दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल एरिया के रुद्ध पुल के पास उनकी कार अलसुबह करीब 3 बजे सड़क पर खड़े ट्रॉले से टकरा गई। इससे कार में सवार दोनों जवानों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले जवान रिकेंश के 8 साल का बेटा हिमांशु है। हादसे में जवानों की मौत से गांव में मातम छा गया। पुलिस ने सीएचसी बावल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों जवानों का शव परिजनों को सौंप दिए।

Exit mobile version