Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नारनौल में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित बाइक गड्ढे में गिरी, राजस्थान के 2 युवकों की मौत; एक की 2 महीने पहले हुई थी शादी

महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी में गुरुवार रात को नेशनल हाईवे 148 बी के पास राव तुलाराम चौक पर बने गड्ढे में गिरने से राजस्थान के 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक यहां एक आइसक्रीम गाड़ी संचालक के पास काम करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।

राजस्थान के भीलवाड़ा के राहुल और पिंटू ने बताया कि वे यहां पर शिव शक्ति नाम से आइसक्रीम का काम करते हैं। उनके पास कई गाड़ियां हैं। इन गाड़ियों में आइसक्रीम बेचने के लिए उन्होंने लड़के रखे हुए हैं

उनके पास राजस्थान के नीमच के पास गांव पाटखेड़ा गगरोल का करीब 22 वर्षीय भैरूलाल और करीब 20 वर्षीय चितोड़गढ़ के पास जालपुरा के गांव खोर निवासी गिरधारी भी काम करते थे। बीती रात करीब 10 बजे वे दोनों आइसक्रीम की गाड़ियों को लेकर अपने कमरे में आ गए थे।

इसके बाद दोनों एक बाइक लेकर बिना किसी को बताए हुए कहीं पर चले गए। रात को साढ़े 11 बजे के करीब उनको सूचना मिली कि राव तुलाराम चौक पर बने गहरे गड्ढे में गिरने से भैरूलाल की मौत हो गई, जबकि गिरधारीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने के बाद राहुल मौके पर पहुंचा, जबकि पिंटू जो अपने गांव गया हुआ था। वह सुबह नागरिक अस्पताल पहुंचा। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गड्ढे से निकाला। जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। गिरधारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

यह गड्ढा राव तुलाराम चौक पर बीचों-बीच खोदा जा रहा है। हालांकि इसके लिए एक साइड संकेतक भी लगा हुआ है, मगर 3 साइड कोई संकेतक नहीं हैं। जिसके कारण बाइक सवार दोनों को यह गड्ढा दिखाई नहीं दिया।

यह गड्ढा तिरंगा झंडा लगाने के लिए खोदा जा रहा है। गड्ढा करीब 10 फुट गहरा है। वहीं यह करीब 15 फुट चौड़ा भी खोदा गया है। गड्ढे के अंदर लोहे के सरिये भी लगाए गए हैं। हो सकता है। इन सरियों की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई हो।

पिंटू सुवालका ने बताया कि दोनों मृतक शादीशुदा थे। भैरूलाल के एक छोटा बच्चा है, जबकि गिरधारी की करीब 2 महीने पहले ही शादी हुई थी। दोनों के परिवार अपने-अपने गांव में रहते हैं।

Exit mobile version