Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में AUDI ने सैर करने आए परिवार को कुचला: देवर का शरीर टुकड़े-टुकड़े हुआ; भाभी की टांग खेत से बरामद, भतीजी गंभीर

करनाल के असंध रोड पर एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पर सैर कर रहे परिवार को कुचल दिया। हादसा इतना भयंकर था कि व्यक्ति के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा एक महिला की टांग कट गई और 19 वर्षीय लड़की की टांग टूट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने रात को टॉर्च की रोशनी में खेतों से व्यक्ति व महिला के शरीर के टुकड़ों को इकट्‌ठा किया। हादसा गांव जलमाना के पास शनिवार रात को हुआ है।

जलमाना चौकी के जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि रात को उन्हें सूचना मिली थी कि करनाल से असंध की तरफ आ रही एक ऑडी कार (HR06AH-8088) ने सड़क पर सैर कर रहे परिवार को कुचल दिया है, जिसमें व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कुछ लोग घायल हैं।

मृतक की पहचान जलमाना निवासी साहब सिंह (50) के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिला गुरजीत कौर (48) है। वह मृतक साहब सिंह की भाभी है। वहीं, तीसरी युवती उसकी भतीजी सुखवंत कौर (19) है। परिजनों ने बताया है कि सुखवंत कौर का शनिवार को ही ऑस्ट्रेलिया का वीजा आया था। देर रात को खाना खाने के बाद वे टहलने के लिए सड़क पर निकले थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।

मौके पर मौजूद राहगीर गुरजंट सिंह के मुताबिक, गाड़ी में दो युवक सवार थे। दोनों नशे में धुत थे। शराब के नशे में ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब सौ मीटर तक गाड़ी ड्राइवर तीनों को घसीटते हुआ लेकर आया।इस दौरान साहब सिंह की टांगों सहित शरीर के अन्य अंग अलग हो गए थे। साहब सिंह की टांगें गाड़ी के अंदर से बरामद हुईं। वारदात के बाद दोनों आरोपी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया महिला गुरजीत कौर और युवती सुखवंत कौर का करनाल के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया है। साहब सिंह खेतीबाड़ी करता था। उसका एक भतीजा विदेश गया हुआ है।

Exit mobile version