Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दर्दनाक हादसा: यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटी; 40 से ज्यादा स्कूल के बच्चे घायल; ड्राइवर-कंडक्टर सस्पेंड

पंचकूला के कालका में आज सोमवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस खाई में गिर गई। बस गांव दखरोग से कालका आ रही थी। हादसे में 50 यात्रियों को चोटें लगी हैं। इनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। बस हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। घायलों को खाई से निकाल कर पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में लाया गया। यहां प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पहुंचे।

इस बीच परिवहन मंत्री असीम गोयल ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया है। हादसे की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित करने के आदेश भी दिए हैं। इसके साथ ही सुबह के समय वहां 2 नई बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि खाई में गिरी बस में 70-80 के करीब यात्री सवार थे। हादसे का कारण ओवरलोडिंग और खराब सड़क बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिंजौर से लगभग 15 किलोमीटर दूर ऊंचे पहाड़ी जंगलों से घिरे हुए गांव दखरोग में रोडवेज की मिनी बस रात्रि ठहराव करती है। सुबह स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्रों और अन्य व्यक्ति इस बस में सवार होकर पिंजौर, कालका आते हैं। सोमवार सुबह भी यह बस कालका के लिए निकली थी।

इस पहाड़ी संकरी सड़क पर रात को बारिश होने की वजह से पानी और कीचड़ भी काफी था। इस बीच सवारियों से ठसाठस भरी ये बस असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी। लोगों का कहना हे कि बस में यात्री ज्यादा थे और दूसरे इसे ड्राइवर तेज गति से चला रहा था। ढलान पर बस हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी ओम प्रकाश के मुताबिक हादसा होटल के सामने हुआ। बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बस में करीब 70-80 बच्चे बैठे थे। बस मोड़ पर तेज गति से आई और सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पंचकूला के डीसी यश गर्ग और एसपी हिमाद्री कौशिक सेक्टर 6 अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना। इस दौरान कालका की पूर्व विधायक ललिता शर्मा और अंबाला से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार रहीं बंतो कटारिया भी अस्पताल पहुंची।

पंचकूला CMO डॉ. मुक्ता कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर 6 के नागरिक अस्पताल में 20 बच्चों को लाया गया है। जिस महिला के ऊपर बस पलटी है, उसे गंभीर हालत में PGI रेफर किया गया है। कुछ घायलों को पिंजौर के अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

Exit mobile version