Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में दुकान के बाहर सामान रखने के विवाद में व्यापारी की मौत: छाती में सिर से कई बार टक्कर मारने का आरोप, दोनों को पहले डल चुके थे स्टेंट

पानीपत: रेलवे रोड पर दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर चल रहा तीन महीने पुराना विवाद शुक्रवार को खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक व्यापारी ने दूसरे व्यापारी की छाती में सिर से कई बार जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय विदेश जिंदल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी उमेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

दोनों व्यापारियों की रेलवे रोड पर दुकान नंबर 142 में आमने-सामने दुकानें हैं। विदेश जिंदल की जय श्री राम इलेक्ट्रॉनिक्स और उमेश की देव इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। बताया जा रहा है कि उमेश अपनी दुकान का सामान डिस्प्ले के लिए बाहर तक रखता था। विदेश को इस पर आपत्ति थी। उसका कहना था कि इससे उसकी दुकानदारी प्रभावित होती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले करीब तीन महीने से विवाद चल रहा था और पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।

नौकर से सामान हटवाने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह विदेश ने अपने नौकर से उमेश की दुकान के बाहर रखा सामान हटवा दिया था। कुछ देर बाद उमेश ने दोबारा सामान बाहर रख दिया। इसी बात को लेकर दोनों व्यापारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि उमेश ने विदेश को थप्पड़ और मुक्के मारे। इसके बाद उसकी छाती में सिर से कई बार जोरदार टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शी रमेश के मुताबिक, उमेश ने लगातार सिर से वार किए, जिससे विदेश बेसुध होकर जमीन पर गिर गया।

दुकानदारों ने अस्पताल पहुंचाया, उपचार के दौरान मौत

घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया। विदेश के बेसुध होने पर दुकानदार उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दोनों व्यापारियों को डल चुके थे स्टेंट

परिजनों के मुताबिक, विदेश जिंदल पहले से हार्ट पेशेंट था और उसके स्टेंट डाले जा चुके थे। उनका यह भी कहना है कि आरोपी उमेश को भी स्टेंट डले हुए थे। घटना के बाद दोनों के स्वास्थ्य से जुड़ी यह जानकारी भी चर्चा में है।

हत्या का केस दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाना शहर प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी उमेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version