Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के सांघी में ट्रैक्टर लूटने की कोशिश में मारी गोली- दो सगे भाइयों पर किया हमला, बचाव में आए दो युवकों से भी मारपीट

हरियाणा के रोहतक जिले के गांव सांघी में कार सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर लूटने के लिए दो सगे भाइयों पर गोली चला दी। गोली एक भाई को लगी, दूसरा बाल-बाल बच गया। वहीं, बचाव में दो युवकों के साथ भी मारपीट की गई। एक युवक के सिर में पिस्तौल की बट मारकर घायल कर दिया।

वारदात बुधवार देर शाम की है। मामले की शिकायत घायल ने गुरुवार दोपहर बाद पुलिस को दी। पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य आरोपियों पर हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में पवन निवासी गांव सांघी ने बताया कि 15 दिसंबर को वह अपने छोटे भाई सोमबीर के साथ खेत से गन्ने की ट्रॉली लेकर गांव जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे जब नहर पुल के पास पहुंचे तो सामने से एक सफेद गाड़ी आई। चालक ने गाड़ी बीच रोड खड़ी कर उनका रास्ता रोका और चार युवक नीचे उतरे। इनमें से दो युवक अपने हाथ में पिस्तौल लिए थे। एक ने हाथ में डंडा ले रखा था। खाली हाथ वाले युवक ने उनके ट्रैक्टर की चाबी निकाल ली।

बदमाशों ने ट्राली का किलड़ा निकाल कर ट्रैक्टर छीनने का प्रयास किया। शोर मचाया तो मौके पर संदीप उर्फ लीला और मंदीप भी पहुंचे। बदमाश ने ट्रैक्टर की चाबी वापस छीन ली। इसी बीच उनमें से एक युवक ने पवन पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। गोली गर्दन को छूकर निकल गई। चारों ने मिलकर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उनमें से दो के चेहरे से रुमाल हट गया।

इससे उनकी पहचान साहिल निवासी पाना बोडान और सुनील निवासी पाना दूदान के रूप में हुई। एक और बदमाश ने गोली चलाई। गोली से बचने के लिए सभी एक साथ नीचे बैठ गए। बदमाशों ने अपने 6-7 अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। दो बदमाशों ने लीला उर्फ संदीप को पिस्तौल की बट मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

Exit mobile version