रोहतक में 21 जून को मनाए जाने वाले 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की फाइनल रिहर्सल जिला मुख्यालय सहित सभी खंडों में की गई। इसमें शहरवासियों ने योग कर स्वास्थ्य रहने का संदेश दिया। इधर, प्रशासन ने योग दिवस की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बुधवार को मुख्य समारोह राजीव गांधी खेल परिसर में होगा।
मुख्य अतिथि शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और विशिष्ट अतिथि सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक होंगे। जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में सुबह 6 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहरलाल के संदेश का लाइव प्रसारण होगा। अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया है।
सोमवार को जिला स्तरीय योग समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास राजीव गांधी खेल परिसर में किया। इसमें 2500 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। एडीसी महेश कुमार और एसडीएम राकेश कुमार सैनी समेत प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों में सरकारी-गैर सरकारी विद्यालयों, खेल विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पतंजलि योगपीठ, भारत स्वाभिमान के अलावा शहरवासी शामिल रहे।
